
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी चन्दौली आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन चन्दौली के नवीन सभागार में जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धर्मगुरुओं, ताजिया कमेटी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में उपस्थित लोगों की समस्याओं और सुझावों को सुनते हुए अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी ताजिया जुलूस पूर्व निर्धारित एवं पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे तथा बिना अनुमति किसी नई परंपरा या नए मार्ग की अनुमति नहीं होगी। ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने और जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। संबंधित विभागों को जुलूस मार्गों पर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
अंत में प्रशासन ने सभी ताजिया कमेटियों एवं नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने का संदेश दिया। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा पीस कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।




