
-रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर दो की घटना, कांस्टेबल प्रदीप राय और अंकित कुमार की तत्परता से टला बड़ा हादसा
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से एक महिला यात्री हादसे का शिकार होते-होते बच गई। मौके पर मौजूद जीआरपी एस्कॉर्ट टीम के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को ट्रेन के नीचे जाने से बचा लिया। जवानों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार 12 नवंबर 2026 को ट्रेन संख्या 22911 क्षिप्रा एक्सप्रेस मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर रुकी थी। इस दौरान करीब 20 वर्षीय महिला यात्री अपने पिता के साथ चाय-नाश्ता करने के लिए ट्रेन से नीचे उतरी थी। नाश्ता करने के बाद जब वह वापस ट्रेन में चढ़ने लगी, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और उसका एक पैर ट्रेन के नीचे चला गया।
यह देखकर प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे जीआरपी एस्कॉर्ट के कांस्टेबल प्रदीप कुमार राय और कांस्टेबल अंकित कुमार तत्काल हरकत में आए। दोनों जवानों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को ट्रेन के नीचे जाने से बचा लिया और ट्रेन रुकवाकर पिता-पुत्री को सुरक्षित ट्रेन में बैठाया। इसके बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज जोन एन. कोलान्ची और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रशांत वर्मा के निर्देशन में त्योहारों के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान हुई। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे अरुण कुमार पाठक के पर्यवेक्षण तथा जीआरपी मिर्जापुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा के कुशल निर्देशन में जवान ड्यूटी पर तैनात थे।




