
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: जीआरपी चारबाग और सर्विलांस टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी और कई राज्यों में वांछित अपराधी धर्मेंद्र कुमार उर्फ़ माही को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हैदराबाद के अजीजनगर चर्च क्षेत्र से दबोचा गया।
धर्मेंद्र कुमार पर बिहार, पंजाब और लखनऊ समेत कई जगहों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह यूपी, बिहार और पंजाब पुलिस की वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था।

बताया जा रहा है कि आरोपी ट्रेन में भीड़ का फायदा उठाकर बिहार पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया था। उसके बाद से ही वह लगातार फरार था और पुलिस को उसे पकड़ने में कई महीने लग गए।

कड़ी निगरानी और तकनीकी सहायता के जरिए पुलिस ने आखिरकार उसे हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद धर्मेंद्र कुमार को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने इसे लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई बताया है और टीम की सराहना की है।





