
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
उत्तरकाशी: सोशल मीडिया पर रील बनाने की होड़ लोगों को खतरे में डाल रही है। उत्तरकाशी के मणिकर्णिका घाट से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला तेज बहाव वाली नदी में उतरकर रील बना रही थी, लेकिन अचानक पानी के तेज बहाव में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में बह गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला वीडियो रिकॉर्ड कराने के इरादे से नदी के बीच तक गई थी। तभी तेज लहरों ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और तुरंत पुलिस व रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई।
मणिकर्णिका घाट, जहां यह हादसा हुआ, पहले भी नदी के तेज बहाव के कारण कई दुर्घटनाओं का गवाह बन चुका है। प्रशासन लगातार लोगों को सतर्क रहने की अपील करता रहा है, लेकिन सोशल मीडिया की सनक लोगों को जोखिम उठाने पर मजबूर कर रही है।
फिलहाल महिला की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रशासन ने फिर से लोगों से अपील की है कि वे ऐसे खतरनाक स्थानों पर अपनी जान जोखिम में डालकर रील या वीडियो न बनाएं।





