
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: सनातन वैदिक आर्य हिंदू धर्म के परम प्रतिष्ठित ध्वजवाहक, अनन्तश्री विभूषित पूज्यपाद श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य भगवान पुरी पीठाधीश्वर स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज के 83वें जन्मदिवस के अवसर पर सोमवार को लखनऊ के पौराणिक श्रीमनकामेश्वर महादेव मंदिर में विशेष शिव पूजन और दीपोत्सव का आयोजन किया गया।
इस पावन अवसर पर मंदिर की श्रीमहंत देव्यागिरी जी महाराज द्वारा शंकराचार्य भगवान के सचल विग्रह का विधि-विधान से अभिषेक एवं पूजन किया गया। पूजन के दौरान पुष्पमालाएं अर्पित कर उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।

पूजन के पश्चात मंदिर परिसर में सैकड़ों दीपों से दीपोत्सव मनाया गया, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर दिव्य प्रकाश से जगमगा उठा। इस शुभ अवसर पर राम बाबू जी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए शंकराचार्य जी के जीवन, विचारों और धर्म संरक्षण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
आयोजन के संयोजक एवं शुभेच्छु
श्रीमहंत देव्यागिरी जी महाराज
श्रीमनकामेश्वर मंदिर, डालीगंज, लखनऊ





