
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार का बड़ा भंडाफोड़ किया है। आरोपी आकाश नाग को 40 लाख रुपये की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है। हैरानी की बात यह है कि वह खुद को “मिशन अगेन मोदी” अभियान का प्रतिनिधि और भाजपा जिलाध्यक्ष बताकर लोगों को गुमराह करता था।
आकाश नाग मेडिकल स्टोर की आड़ में स्मैक की तस्करी करता था। उसकी गाड़ी पर भी “जिलाध्यक्ष” लिखा हुआ था, जिससे वह खुद को राजनीतिक प्रभावशाली व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत करता और पुलिस व आम लोगों को भ्रमित करता।
मामला सामने आने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल वर्मा ने सफाई देते हुए कहा, “मैं आकाश नाग को न जानता हूं, न पहचानता हूं। उसका पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है।” उन्होंने कहा कि पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और हम खुद इस मामले में एफआईआर दर्ज कराएंगे।
फिलहाल पुलिस आकाश नाग के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि उसका संबंध कहीं किसी बड़े गिरोह से तो नहीं है।





