
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ के व्यस्त 1090 चौराहे के पास उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। कार में आग लगते ही उसमें बैठे तीनों लोगों ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार अचानक धुआं छोड़ने लगी और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग लगने से कार के ब्रेक भी फेल हो गए थे, जिससे हालात और भी भयावह हो सकते थे।
सूचना मिलते ही हजरतगंज फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पूरी कार जलने से पहले आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग पर नियंत्रण पाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती अनुमान है कि तकनीकी खराबी या वायरिंग शॉर्ट सर्किट इसका कारण हो सकता है।





