
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चंदौली जनपद में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में मासिक व्यापारी बंधु गोष्ठी का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया ने की। इसमें व्यापारी बंधुओं, उद्यमियों और सर्राफा कारोबारियों ने अपनी समस्याएं एवं सुरक्षा संबंधी चिंताएं अधिकारियों के सामने रखीं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगली बैठक से पहले अधिकतम समस्याओं का समाधान किया जाए।
बैठक में शराब की दुकानों और ठेकों के आसपास अनावश्यक भीड़ लगाने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने तथा अराजकता फैलाने वाले लोगों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
एएसपी विक्रम दहिया ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी प्रकार की समस्या, संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
सीसीटीवी कैमरों से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था
बैठक में ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत सभी व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों और दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की गई। साथ ही पहले से लगे खराब कैमरों को तत्काल ठीक कराकर चालू हालत में रखने का आग्रह किया गया, जिससे आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और अपराधियों की पहचान में मदद मिल सके।



