
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. गाजीपुर जनपद के नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां गांव में बुधवार को दिल दहला देने वाली दोहरी हत्या की वारदात सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एक पक्के मकान के अंदर 40 वर्षीय महिला और उसकी 12 वर्षीय मासूम बेटी का गला कटा शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और इलाके में भय एवं दहशत का माहौल बन गया।
मृतकों की पहचान जैबुन निशा (40 वर्ष), पत्नी गुलफाम और उनकी पुत्री ऐमन (12 वर्ष) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर नंदगंज थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक निरीक्षण में सामने आया कि मां-बेटी की हत्या धारदार हथियार से गला काटकर की गई है। एक ही परिवार की दो सदस्यों की इस तरह हत्या किए जाने से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में परिजनों की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल मां-बेटी की हत्या के पीछे की वजह क्या है और इस वारदात को किसने अंजाम दिया, इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं, इस हृदयविदारक घटना से धरवां गांव में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है।




