
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Ayodhya. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव अयोध्या पहुंचे। यहां आयोजित दंगल कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की और भगवान राम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अयोध्या से सपा प्रत्याशी पवन पांडेय चुनाव जीतेंगे।
शिवपाल यादव ने कहा कि भगवान राम ने उन्हें अयोध्या बुलाया है। उनकी भगवान राम में पूरी आस्था है और भगवान राम सभी के हृदय में विराजमान हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या आगमन को लेकर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव भी भगवान राम के दर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने पहले भी समाजवादी पार्टी को जीत दिलाई है।

कांग्रेस गठबंधन पर राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा फैसला
कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि अभी इस संबंध में विचार-विमर्श चल रहा है। गठबंधन कितनी सीटों पर होगा, इसका फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। वहीं, चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन पर उन्होंने कहा कि इसका समाजवादी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। प्रदेश की जनता सब जानती है।
भाजपा की नीतियों पर उठाए सवाल
भाजपा पर हमला बोलते हुए शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ बोलकर देश को पीछे ले जा रही है। उसकी नीतियां और विदेश नीति ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को आपस में लड़ाने और बांटने का काम कर रही है।
अयोध्या में जमीन घोटाले, नजूल जमीन और सरयू नदी के स्वरूप से जुड़े सवालों पर शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन मामलों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने भगवान राम के नाम पर चंदा चोरी को बड़ा अपराध बताया।
किसानों और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना
शिवपाल यादव ने किसानों, व्यापारियों और मध्यम वर्ग की परेशानियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसान खाद और धान की खरीद के लिए भटक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में समाज का हर वर्ग परेशान है।
भाजपा नेताओं के मंदिर जाने और राम नाम लेने पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पहले भाजपा राम नाम लेती थी, अब राधेश्याम नाम ले लेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी धर्मों और भगवानों में आस्था रखती है तथा देश का संविधान धर्मनिरपेक्ष है।




