
-मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर, प्रेशर हॉर्न और काली फिल्म लगाने वालों पर कार्रवाई, नाबालिगों के वाहन चलाने और बिना लाइसेंस सड़क पर निकलने वालों पर भी कसा शिकंजा
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा के मार्गदर्शन में नौ जनपदों में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। 16 से 30 नवंबर तक संचालित इस अभियान में पुलिस की टीमें लगातार सड़कों पर उतरकर वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। अभियान के तहत बीते तीन दिनों में कुल 10,662 वाहन चालकों को जागरूक किया गया, जबकि 3,502 वाहनों का चालान कर 32 लाख 52 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में वाराणसी जोन के जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही, आजमगढ़, बलिया और मऊ जनपद शामिल हैं। एडीजी नवीन अरोड़ा के मार्गदर्शन में निर्धारित दिवसवार कार्ययोजना के अनुसार यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और काली फिल्म पर कार्रवाई
21 नवंबर को चलाए गए अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग करने वाले 142 वाहनों का चालान कर 60,500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। हूटर के दुरुपयोग पर 34 वाहनों का चालान कर 43 हजार रुपये, अवैध सायरन के इस्तेमाल पर 15 वाहनों का चालान कर 2 हजार रुपये तथा प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले 100 वाहनों का चालान कर 85 हजार रुपये वसूले गए। वहीं, वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने वालों के विरुद्ध 131 चालान कर 1 लाख 41 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
तीन सवारी और बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट वालों पर शिकंजा
22 नवंबर को दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान 6,372 लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया तथा 1,192 वाहनों का चालान कर 5 लाख 17 हजार 500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। इसी क्रम में बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4,290 लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान 385 वाहनों का चालान कर 6 लाख 27 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
नाबालिगों और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई
23 नवंबर को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसमें अवयस्कों द्वारा वाहन चलाने पर 66 चालान कर 73 हजार रुपये, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वालों के विरुद्ध 907 चालान कर 10 लाख 50 हजार 400 रुपये तथा बिना वैध बीमा के वाहन चलाने वालों के खिलाफ 530 चालान कर 6 लाख 52 हजार 600 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
एडीजी की आमजन से अपील
अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोड़ा ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। नाबालिगों को वाहन न दें, दोपहिया पर तीन सवारी न बैठाएं और मानक के अनुरूप एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाएं।
उन्होंने मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर, अवैध सायरन, प्रेशर हॉर्न और काली फिल्म का प्रयोग नहीं करने की भी अपील की है।
एडीजी का संदेश साफ है—यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। आपकी सुरक्षा ही आपके परिवार की सबसे बड़ी खुशी है।




