
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाने की दिशा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने महत्वपूर्ण पहल की है। मरीजों की सुरक्षा और उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले चिकित्सा संस्थानों को ही पंजीकरण दिया जाएगा। बिना पंजीकरण अथवा नियमों की अनदेखी कर संचालित होने वाले अस्पतालों और नर्सिंग होम के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को दुर्गाकुंड स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. एनपी सिंह ने निजी चिकित्सा संस्थानों के पंजीकरण और निरीक्षण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वाराणसी में अब तक कुल 1,147 चिकित्सा संस्थान पंजीकृत हैं। इनमें 560 नर्सिंग होम, 261 ओपीडी क्लीनिक, 113 डायग्नोस्टिक सेंटर, 162 पैथोलॉजी लैब और 50 बेड से अधिक क्षमता वाले 51 अन्य चिकित्सालय शामिल हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारियों एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष निरीक्षण टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें निजी अस्पतालों और चिकित्सा प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। जांच में मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पंजीकृत अस्पतालों की निगरानी भी तेज कर दी गई है। निरीक्षण के बाद कार्रवाई के लिए 14 चिकित्सालयों को चिह्नित किया गया है। सभी अस्पतालों को उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाले लाभों और प्रत्येक चिकित्सा सेवा की दर सूची परिसर में प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
‘स्वस्थ काशी’ ऐप से घर बैठे मिलेगी अस्पतालों की जानकारी
सीएमओ डॉ. एनपी सिंह की एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जल्द ही ‘स्वस्थ काशी’ ऐप लॉन्च किया जाएगा। इसके माध्यम से आमजन घर बैठे पंजीकृत अस्पतालों, नर्सिंग होम और अन्य चिकित्सा संस्थानों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का विवरण भी देख सकेंगे।
सीएमओ की इस पहल से मरीजों को सही चिकित्सा संस्थान चुनने में सहूलियत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता के साथ अस्पतालों की जवाबदेही भी बढ़ेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि उपचार कराने से पहले अस्पताल के पंजीकरण और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।




