
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. गाजीपुर नंदगंज थाना पुलिस ने छठ पर्व के दौरान बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की घटना का महज 72 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, छठ पर्व के दौरान कुछ परिवार घरों में ताला बंद कर घाट पर पूजा करने गए थे। इसी दौरान चोरों ने तीन घरों के ताले तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी कर लिए थे। मामले में थाना नंदगंज पर मुकदमा संख्या 361/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में 19 नवंबर को उपनिरीक्षक हरीश चंद्र सिंह और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुसुम्ही कलां पोखरा स्थित कूड़ाघर के पास घेराबंदी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धरवां गांव निवासी आशीष कुमार (20), रोहित कुमार (23) और आशीष कुमार (19) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, तीन मंगलसूत्र के लॉकेट, दो जोड़ी कान के टॉप्स, दो जोड़ी झुमके, एक जोड़ी झाला, एक छोटा हार, दो सोने की चेन, तीन अंगूठियां, सात गुरिया और चार जोड़ी पायल बरामद की हैं। इसके अलावा दो मल्टीमीडिया मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित आशीष कुमार पुत्र रविन्द्र राम का पूर्व में भी चोरी से संबंधित आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ नंदगंज थाने में वर्ष 2025 और 2026 में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र और उपनिरीक्षक हरीशचंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।





