
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा/यूपी हेड
Lucknow: सर्दियों की दस्तक के साथ ही उत्तर भारत में ठंड, कोहरा और प्रदूषण का स्तर बढ़ने से क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज यानी सीओपीडी और सांस के अन्य मरीजों की मुश्किलें तेजी से बढ़ जाती हैं। भारत में अनुमानित रूप से पांच करोड़ से अधिक लोग इस बीमारी से प्रभावित हैं, लेकिन जागरूकता के अभाव में अधिकांश मामलों में समय पर इसकी सही पहचान नहीं हो पाती। हर वर्ष नवंबर के तीसरे बुधवार को मनाए जाने वाले विश्व सीओपीडी दिवस के अवसर पर सांस के मरीजों के लिए वरदान साबित होने वाली हिंदी पुस्तक “सीओपीडी: सही जानकारी, सही देखभाल” इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार वर्मा और संस्थान के बायोकेमिस्ट्री विभाग के सीनियर डिमॉन्स्ट्रेटर डॉ. अनुज कुमार पाण्डेय द्वारा लिखी गई यह पुस्तक सीओपीडी रोगियों के लिए हिंदी में रचित अपनी तरह की पहली व्यापक मार्गदर्शिका है।

डॉ. अजय कुमार वर्मा बताते हैं कि सर्दियों की ठंडी और शुष्क हवा सांस की नलियों को सिकोड़ देती है। इस मौसम में हवा की गति धीमी होने और प्रदूषण के कण जमीन के करीब ठहरने के कारण जहरीले तत्व सांस के जरिए सीधे फेफड़ों में पहुंचते हैं, साथ ही फ्लू, वायरल और निमोनिया जैसे संक्रमणों का खतरा भी कई गुना बढ़ जाता है। इन सभी प्रतिकूल परिस्थितियों के मिलने से मरीजों की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा खराब हो जाती है जिसे मेडिकल भाषा में एक्सेसर्बेशन कहा जाता है और बार-बार ऐसा होने से फेफड़ों को स्थायी नुकसान पहुंचता है तथा कई बार गंभीर स्थिति में मरीज को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ता है।
इस जीवनोपयोगी पुस्तक का विमोचन 13 सितंबर को लोहिया संस्थान के स्थापना दिवस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ था। पुस्तक में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का विशेष संदेश और संस्थान के निदेशक प्रो. सी. एम. सिंह की प्रेरणादायी भूमिका भी शामिल है। इसमें बीमारी के कारण, लक्षण, इनहेलर का सही उपयोग, सांस के व्यायाम, टीकाकरण और आपातकालीन संकेतों को बेहद सरल और आम बोलचाल की हिंदी में समझाया गया है, साथ ही सर्दियों, वायु प्रदूषण और त्योहारों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के लिए अलग से अध्याय जोड़े गए हैं। पुस्तक के साथ दी गई रोगी कार्यपुस्तिका में दैनिक लक्षण डायरी, दवा और टीकाकरण रिकॉर्ड रखने के पन्ने दिए गए हैं जो मरीजों के साथ-साथ आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के लिए भी बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं।
सह-लेखक डॉ. अनुज कुमार पाण्डेय का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य यही है कि मरीज और उनके परिजन अपनी मातृभाषा में बीमारी को गहराई से समझें और इलाज की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनें। विशेषज्ञों की सलाह है कि सर्दियों के मौसम में अपने इनहेलर का इस्तेमाल नियमित रूप से करें, समय पर फ्लू और निमोनिया का टीका जरूर लगवाएं, बंद कमरे में कभी भी अंगीठी या सिगड़ी न जलाएं क्योंकि इसका धुआं फेफड़ों के लिए घातक होता है, और सांस अचानक ज्यादा फूलने लगे तो बिना एक भी पल गंवाए तुरंत अपने डॉक्टर से संपर्क करें। इस महत्वपूर्ण पुस्तक के विमोचन और जागरूकता अभियानों के दौरान संस्थान के निदेशक प्रो. सी. एम. सिंह के साथ-साथ प्रो. रंजन भटनागर, सीएमएस डॉ. विक्रम सिंह, एमएस डॉ. अरविंद सिंह और पल्मोनरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार वर्मा सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे। अमेज़न इंडिया पर पल्मोनरी एवं थोरैसिक मेडिसिन श्रेणी में लगातार बेस्टसेलर बनी यह पुस्तक 3 सितंबर 2026 को रिलीज होने के बाद से ही हॉट न्यू रिलीज सूची में शीर्ष स्थान पर काबिज है और वर्तमान में अमेज़न, फ्लिपकार्ट, गूगल बुक्स, कोबो और नोशन प्रेस पर प्राप्त की जा सकती है।





