
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: नाबालिग बालिका से जुड़े मामले में वांछित आरोपी की तलाश में जुटी सिंधोरा पुलिस को बुधवार को सफलता मिली। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मुर्दी से ग्राम गाडर जाने वाले मार्ग के मोड़ के पास से 20 वर्षीय रोहित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जनपद इटावा का निवासी है और उसके विरुद्ध पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस उपायुक्त गोमती जोन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को एक नाबालिग बालिका के घर से बिना बताए चले जाने के संबंध में थाना सिंधोरा में प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ था। इसके आधार पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की थी।
विवेचना के दौरान रोहित शर्मा पुत्र राजेश शर्मा निवासी ग्राम बर्रा, थाना वैदपुरा, जनपद इटावा का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। बुधवार को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध थाना सिंधोरा में मुकदमा अपराध संख्या 0192/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 65(1), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 में अभियोग पंजीकृत है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव और हेड कांस्टेबल रोशन त्रिपाठी शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





