
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: सीर गोवर्धनपुर वार्ड नंबर-23 स्थित दलित बस्ती में जर्जर बिजली के खंभों को नहीं बदले जाने से नाराज स्थानीय लोगों ने डाफी विद्युत उपकेंद्र पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले एक वर्ष से लगातार शिकायत और मांग किए जाने के बावजूद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक समस्या का समाधान नहीं किया। बस्ती में जर्जर खंभों की स्थिति ऐसी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
धरने पर बैठे अमन यादव ने बताया कि बस्ती में बिजली के खंभे लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। बीते एक वर्ष के दौरान तीन जर्जर खंभे लोगों के घरों पर गिर चुके हैं। इसके बावजूद विभाग की ओर से सभी खंभों को बदलने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने बताया कि अभी भी करीब पांच अन्य बिजली के खंभे बेहद खराब स्थिति में हैं और कभी भी गिर सकते हैं। ऐसे में स्थानीय परिवारों की जान-माल पर खतरा मंडरा रहा है।
जेई के कथित बयान से बढ़ा आक्रोश
अमन यादव ने आरोप लगाया कि जब इस गंभीर समस्या को लेकर बिजली विभाग के जेई अरविंद सोनकर से शिकायत की जाती है तो वह समस्या को स्वीकार करने के बजाय शिकायतकर्ताओं पर राजनीति करने का आरोप लगाते हैं। अमन यादव के अनुसार, जेई का कहना है कि आप लोग वोट लेने के चक्कर में फर्जी शिकायत करते हैं, क्षेत्र में कोई समस्या नहीं है और आप लोग केवल राजनीति करते हैं।
इस कथित बयान को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बिजली के जर्जर खंभों से जुड़ी समस्या किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति विशेष का मुद्दा नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। जब तीन खंभे पहले ही घरों पर गिर चुके हैं तो शेष जर्जर खंभों को बदलने में देरी क्यों की जा रही है, यह बड़ा सवाल है।
समाधान होने तक जारी रहेगा आंदोलन
धरने में शामिल लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि सीर गोवर्धनपुर वार्ड नंबर-23 की दलित बस्ती में सभी जर्जर बिजली के खंभों का तत्काल निरीक्षण कराकर उन्हें सुरक्षित नए खंभों से बदला जाए। साथ ही भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तारों और विद्युत व्यवस्था की भी जांच कराई जाए।
धरने में अमन यादव, लाल बहादुर यादव, व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष भईया लाल यादव समेत कई स्थानीय लोग शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक बिजली विभाग जर्जर खंभों को बदलने की ठोस कार्रवाई नहीं करता, तब तक डाफी विद्युत उपकेंद्र पर उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।





