
-कैंट स्थित बंगले में लगाए गए पिंजरे में फंसा तेंदुआ, लंबे समय से वन विभाग की टीम कर रही थी तलाश
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी में पिछले 25 दिनों से तेंदुए की मौजूदगी को लेकर बनी दहशत आखिरकार खत्म हो गई। कैंट क्षेत्र में एक बंगले में लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने से स्थानीय लोगों और वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली।
बकरी को बनाया गया था चारा, रात करीब एक बजे पिंजरे में घुसा तेंदुआ
वन विभाग ने बंगला नंबर 61 के परिसर में तेंदुए के पंजों के ताजे निशान मिलने के बाद पिंजरा लगाया था। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे के अंदर बकरी को चारे के रूप में रखा गया था। रविवार देर रात करीब एक बजे बकरी का शिकार करने के लिए तेंदुआ पिंजरे में दाखिल हुआ और उसका दरवाजा स्वतः बंद हो गया।
सोमवार सुबह बंगले के निवासी पॉल जेनिया ने पिंजरे के अंदर से तेंदुए की दहाड़ने की आवाज सुनी। इसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने तेंदुए को सुरक्षित पिंजरे में कैद पाया।
22 अक्टूबर से फैली थी दहशत
गौरतलब है कि 22 अक्टूबर को पहली बार तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया था। इसके बाद कैंट, नदेसर, भोजूबीर और वरुणा नदी के कछार वाले इलाकों में उसकी मौजूदगी की खबरों से लोगों में भय का माहौल बन गया था। कई स्थानों पर बकरियों के शिकार की घटनाएं भी सामने आई थीं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कुछ स्कूलों में एहतियातन ऑनलाइन कक्षाएं भी संचालित करनी पड़ी थीं।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा तेंदुआ
प्रभारी वन अधिकारी (डीएफओ) निधि चौहान ने तेंदुए के पकड़े जाने की पुष्टि की है। फिलहाल पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। अधिकारियों के निर्देशानुसार उसे सुरक्षित तरीके से उपयुक्त प्राकृतिक वन्यजीव आवास में छोड़ा जाएगा।
करीब 25 दिनों से जारी इस अभियान की सफलता ने वन विभाग के साथ ही स्थानीय नागरिकों को भी बड़ी राहत दी है।





