
-हजारों व्रतियों ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, छठी मइया और भगवान भास्कर से की लोक कल्याण की कामना; सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का अंतिम दिन सोमवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर स्थित सूर्य सरोवर पर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए तड़के से ही सरोवर के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों की संख्या में व्रती महिलाओं और पुरुषों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और लोक कल्याण की कामना की। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हुआ।
अंतिम दिन व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सूप में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री सजाकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। छठी मइया के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा सूर्य सरोवर परिसर भक्तिमय हो उठा। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर अपना निर्जला व्रत पूरा किया। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने पूरे आयोजन को भव्य धार्मिक स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, छठ समिति के संरक्षक राम जन्म चौबे, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर प्रवीण कुमार तथा महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन किया। सभी ने छठी मइया और भगवान सूर्य से समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। परिसर में पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), सेंट जॉन्स एम्बुलेंस, नागरिक सुरक्षा दल और स्काउट-गाइड की टीमें तैनात रहीं। सुरक्षा कर्मियों और स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सहायता की जिम्मेदारी संभाली।
बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में विभिन्न विभागों, आरपीएफ, जिला पुलिस, एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस, सेंट जॉन एम्बुलेंस, स्काउट्स एवं छठ समिति का सराहनीय योगदान रहा। सभी के आपसी सहयोग और समन्वय से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





