
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
Varanasi: धर्म और आध्यात्मिकता की नगरी काशी में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की अनुपम छटा देखने को मिली। वरुणा नदी के तट स्थित शास्त्री घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठी मैया की पूजा-अर्चना की और उगते हुए भगवान सूर्य को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया।
सुबह की पहली किरण के साथ ही पूरा घाट छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से गूंज उठा। व्रती महिलाओं ने नदी में खड़े होकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने फल, फूल, गन्ना, ठेकुआ और पूजन सामग्री से सजे सूप के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।
शास्त्री घाट पर उमड़ी आस्था की भीड़ और छठी मैया के पारंपरिक गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ छठी मैया का पूजन कर परिवार और समाज के कल्याण की प्रार्थना की।





