
पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर कचनार गांव स्थित तालाब बदहाली का शिकार, प्लास्टिक-पॉलिथीन और जलकुंभी से पटा जलस्रोत; सुंदरीकरण के नाम पर खर्च धनराशि और रखरखाव पर उठे सवाल
- पंकज झा की कलम से✍️
Varanasi (Rajatalab). सरकारी योजनाओं में विकास की चमक भले ही दिखाई देती हो, लेकिन जमीनी हकीकत कई बार सरकारी दावों की पोल खोल देती है। इसका उदाहरण राजातालाब क्षेत्र के कचनार गांव स्थित पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर बना संगम तालाब है। कभी क्षेत्र की पहचान और जल संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम रहा यह तालाब आज अनदेखी और बदहाली का शिकार है। तालाब में प्लास्टिक, पॉलिथीन, पानी के पाउच और डिस्पोजल का अंबार लगा हुआ है। पानी की कमी के चलते जगह-जगह खरपतवार उग आए हैं, जबकि किनारों पर गंदगी का जमावड़ा लगा है।
हैरानी की बात यह है कि तालाब के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण के नाम पर लाखों रुपये खर्च होने की बात सामने आती रही है, लेकिन वर्तमान स्थिति देखकर विकास कार्यों की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर सुंदरीकरण के बाद तालाब की नियमित देखरेख क्यों नहीं हुई? यदि इस पर सरकारी धन खर्च हुआ है तो उसका असर जमीन पर क्यों दिखाई नहीं दे रहा है? ये ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों को देना चाहिए।

सुंदरीकरण के दावों पर भारी पड़ रही गंदगी
स्थानीय लोगों के मुताबिक आसपास के कुछ लोग घरों से निकलने वाला कूड़ा-कचरा तालाब में फेंक देते हैं। इसके कारण पानी प्रदूषित हो रहा है और तालाब की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। जलकुंभी और खरपतवार के फैलाव ने इसकी प्राकृतिक सुंदरता को भी प्रभावित कर दिया है। कभी जल संचयन के काम आने वाला यह तालाब अब अपनी उपयोगिता खोता नजर आ रहा है।
जल संरक्षण की योजनाएं, लेकिन तालाबों की सुध लेने वाला कौन?
एक तरफ जल संरक्षण और पुराने जलस्रोतों को बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ संगम तालाब की स्थिति इन अभियानों की प्रभावशीलता पर सवाल उठा रही है। बारिश के पानी का संचयन करने वाले तालाबों की ऐसी दुर्दशा से भूजल संरक्षण के प्रयासों को भी नुकसान पहुंच सकता है। यदि समय रहते सफाई, गहरीकरण और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो यह महत्वपूर्ण जलस्रोत धीरे-धीरे पूरी तरह अनुपयोगी हो सकता है।

बच्छाव की घटना के बाद भी सुरक्षा पर सवाल
रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव गांव में तालाब की कटान से मकानों को हुए नुकसान और जनहानि की घटना के बाद तालाबों के किनारों की मजबूती और सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरतने की जरूरत है। संगम तालाब के आसपास भी नियमित निरीक्षण और आवश्यक मरम्मत की मांग उठ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी अप्रिय घटना का इंतजार किए बिना समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
आखिर जिम्मेदारी किसकी?
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि संगम तालाब के सुंदरीकरण पर खर्च की गई धनराशि और कराए गए कार्यों की जांच कराई जाए। साथ ही तालाब की तत्काल सफाई, जलकुंभी हटाने, किनारों की मरम्मत और नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि तालाब के विकास पर खर्च होने वाली धनराशि का वास्तविक लाभ जनता को कब मिलेगा? क्या जिम्मेदार अधिकारी संगम तालाब की बदहाली दूर करने के लिए ठोस पहल करेंगे या फिर जल संरक्षण के दावे केवल कागजों तक ही सीमित रहेंगे? फिलहाल संगम तालाब की तस्वीर व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर रही है।




