
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित सूर्य सरोवर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। छठ महापर्व पर हजारों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए बरेका प्रशासन ने साफ-सफाई, सुरक्षा, विद्युत प्रकाश, सजावट और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
सूर्य सरोवर परिसर को आकर्षक बनाने के लिए रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और विशेष रोशनी से सजाया जा रहा है। पर्व के दौरान पूरा परिसर रोशनी से जगमगाएगा और भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालु भगवान सूर्य की आराधना कर सकेंगे। वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिसर की साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि छठ महापर्व को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि बरेका स्थित सूर्य सरोवर में प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व पारंपरिक श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं, पुरुष और श्रद्धालु सरोवर के तट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। व्रती परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हैं। इस दौरान सूर्य सरोवर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
बरेका प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो सके।




