
-प्रेस लिखी क्रूजर गाड़ी से एक गाय समेत दो मवेशी बरामद, पुलिस टीम पर तस्करों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चंदौली जनपद में पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सदर कोतवाली पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। कोड़रिया बसारीपुर के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध प्रेस लिखी क्रूजर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान खुद को पुलिस से घिरा देख तस्करों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम कोड़रिया बसारीपुर के पास कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध क्रूजर वाहन को देखकर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस टीम को सामने देखकर वाहन सवार तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस ने मौके से प्रेस लिखी क्रूजर गाड़ी बरामद की, जिसमें एक गाय समेत कुल दो मवेशी मिले। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पशु तस्करी में शामिल लोगों में खलबली मची हुई है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





