
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. चंदौली आमजन की शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल ने गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को पुलिस कार्यालय में जनता दर्शन (जनसुनवाई) का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। एसपी ने पीड़ितों को उनकी समस्याओं के न्यायोचित समाधान का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान कुल 43 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को संज्ञान में लेते हुए संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने सभी मामलों में प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी आकाश पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पुलिस कार्यालय एवं थानों में अपनी शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ शिष्ट, संवेदनशील और विनम्र व्यवहार किया जाए। फरियादियों की समस्याओं को पूरी गंभीरता से सुनते हुए शिकायतों का निस्तारण तथ्यों एवं गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष तरीके से किया जाए।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना चंदौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर मामलों का निस्तारण कर उसकी आख्या प्रस्तुत करें।
पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों की नियमित समीक्षा और निस्तारण के बाद फीडबैक लेने पर भी जोर दिया, ताकि पीड़ितों को समय से न्याय मिल सके और पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी 43 प्रार्थना पत्रों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।





