
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. गाजीपुर जनपद में व्यापारियों एवं उद्यमियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में हुई इस बैठक में उत्तर प्रदेश व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष एवं सदस्यों सहित जनपद के प्रमुख व्यापारी, उद्यमी और व्यापार मंडल के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान व्यापारियों के साथ पूर्व में घटित आपराधिक घटनाओं तथा आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने व्यापारियों की समस्याओं और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों, दुकानों और संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाने तथा उन्हें हमेशा क्रियाशील रखने की सलाह दी गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की स्थिति में अपराधियों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिल सके।
अधिकारियों ने व्यापारियों से कहा कि वे अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। आपात स्थिति में बिना देरी किए पुलिस से संपर्क करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में व्यापारियों ने भी अपनी सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा से संबंधित किसी भी समस्या पर पुलिस प्रशासन गंभीरता से कार्रवाई करेगा। व्यापारियों की ओर से पुलिस से जिस प्रकार के सहयोग की अपेक्षा की जाएगी, उसे उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक का मुख्य उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मजबूत करना, अपराधियों की पहचान में पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा जनपद में सुरक्षित व्यापारिक वातावरण तैयार करना रहा। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




