
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. चंदौली लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुधवार को जनपद के थाना सकलडीहा और थाना चंदौली परिसर में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठकों में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहार की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
थाना सकलडीहा परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सकलडीहा और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा ने की। इस दौरान छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों से घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। वहीं, थाना चंदौली परिसर में भी उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी सदर और प्रभारी निरीक्षक की मौजूदगी में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। इसमें लोगों से त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
बैठकों में अधिकारियों ने विशेष रूप से छठ घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग तथा जलाशयों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया। इसके साथ ही घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों एवं तैराकों की तैनाती, रस्सी, ट्यूब, लाइफ जैकेट और नाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था करने पर भी विशेष बल दिया गया।
अधिकारियों ने छठ पूजा समितियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ महापर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई समस्या सामने आने पर तत्काल स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन को सूचित करें। प्रशासन की प्राथमिकता पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
बैठकों में उपजिलाधिकारी सकलडीहा, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा, उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक थाना चंदौली, थानाध्यक्ष सकलडीहा सहित संबंधित थाना क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक एवं छठ पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।




