
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: धर्मनगरी काशी के प्रसिद्ध मां अन्नपूर्णा मंदिर में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। स्वर्णमयी मां अन्नपूर्णा के विशेष दर्शन के लिए 6 नवंबर से शुरू हुआ भक्तों का सिलसिला 10 नवंबर की देर रात महाआरती के साथ संपन्न हुआ। महंत श्री शंकर पुरी ने विधि-विधान से मां की महाआरती की। इसके बाद स्वर्णमयी मां के पट एक वर्ष के लिए बंद कर दिए गए।
अन्नकूट पर्व पर माता के दरबार में भव्य छप्पन भोग अर्पित किया गया। इस बार मां को कुल 511 क्विंटल विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का महाभोग लगाया गया। कच्चे और पक्के व्यंजनों से सजे इस महाभोग में 40 प्रकार की मिठाइयां और 20 प्रकार की नमकीन शामिल रहीं। इस बार सुरन के लड्डू विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मां के अलौकिक स्वरूप और भव्य भोग के दर्शन कर भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और धन-धान्य से परिपूर्ण जीवन का आशीर्वाद मांगा।
महंत श्री शंकर पुरी ने स्वयं बैठाकर भक्तों को परोसा प्रसाद*
छप्पन भोग की आरती के बाद महंत श्री शंकर पुरी ने स्वयं भक्तों को बैठाकर महाप्रसाद परोसा। मां के प्रसाद को ग्रहण करने के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इस अवसर पर शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, न्यायाधीशों, विधायक, मंत्रीगण और काशी के अनेक गणमान्य लोगों ने भी महाप्रसाद ग्रहण किया। मंदिर प्रशासन की ओर से प्रसाद वितरण की बेहतर व्यवस्था की गई थी।
121 कारीगरों ने तैयार किया 511 क्विंटल महाभोग*
मां के अन्नकूट महाभोग को तैयार करने की प्रक्रिया दशहरा के स्थापना पूजन से ही शुरू हो गई थी। इस वर्ष लगभग 121 कारीगरों ने पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ प्रसाद तैयार किया, जिनमें करीब 30 महिला कारीगर भी शामिल रहीं। विशेष बात यह रही कि मुख्य कारीगर का परिवार लगातार तीसरी पीढ़ी से मां की इस सेवा में जुटा है। वहीं कई कारीगर पिछले 15 वर्षों से निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
पांच दिनों में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन*
मंदिर प्रबंधक काशी मिश्रा ने बताया कि स्वर्णमयी मां के पांच दिवसीय विशेष दर्शन के दौरान देश-विदेश से श्रद्धालु काशी पहुंचे। अनुमान के मुताबिक, इस दौरान 10 लाख से अधिक भक्तों ने मां के दर्शन किए। श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराना मंदिर प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रही।
डॉक्टरों की टीम ने संभाली स्वास्थ्य व्यवस्था*
भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में चिकित्सकों की टीम भी तैनात रही। दर्शन के दौरान तबीयत बिगड़ने या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकीय टीम ने हजारों भक्तों को मौके पर उपचार और आवश्यक सहायता प्रदान की।
सामूहिक सहयोग से सफल हुआ महोत्सव*
पांच दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में मंदिर परिवार और सेवाभावी लोगों का विशेष योगदान रहा। नीलकंठ से आए शिवानंद गिरि, प्रदीप श्रीवास्तव, धीरेन्द्र सिंह, राकेश तोमर सहित मंदिर परिवार के सदस्यों ने पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और सुगंधित फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मां के जयकारों, घंट-घड़ियालों और भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। छप्पन भोग, महाआरती और महाप्रसाद के इस दिव्य आयोजन ने एक बार फिर काशी की समृद्ध धार्मिक परंपरा और मां अन्नपूर्णा के प्रति भक्तों की अटूट आस्था को जीवंत कर दिया।




