
-कमाण्ड सेंटर सिगरा की टीम ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऑटो की पहचान कर बरामद किया बैग, आजमगढ़ निवासी आवेदक ने पुलिस टीम की सराहना की
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के कमाण्ड सेंटर सिगरा की पुलिस टीम ने तत्परता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए ऑटो में छूटे एक यात्री के कीमती सामान से भरे बैग को महज चार घंटे के भीतर बरामद कर लिया। बैग में सोने का मंगलसूत्र, कान की बालियां, चांदी की पायल, चार हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन रखा हुआ था। पुलिस ने सभी सामान सुरक्षित बरामद कर आवेदक को सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद आजमगढ़ के सिधारी निवासी आवेदक 30 अक्टूबर 2026 को सारंग चौराहे से ऑटो में बैठकर गोइठहां रिंग रोड की ओर जा रहे थे। गोइठहां रिंग रोड पर उतरते समय उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। कुछ देर बाद बैग छूटने की जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस उपायुक्त काशी एवं नोडल कमाण्ड सेंटर सिगरा के कुशल पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। कमाण्ड सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों और सारंग चौराहे से गोइठहां रिंग रोड के बीच विभिन्न स्थानों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी निगरानी के आधार पर संबंधित ऑटो की पहचान की गई और महज चार घंटे के भीतर बैग में रखा पूरा सामान बरामद कर लिया गया।
पुलिस टीम ने बरामद मंगलसूत्र, कान की बालियां, चांदी की पायल, चार हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन आवेदक को सौंप दिया। अपना कीमती सामान वापस पाकर आवेदक ने खुशी जाहिर की और वाराणसी पुलिस तथा कमाण्ड सेंटर सिगरा की टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार जताया।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेश सिंह, प्रभारी कमाण्ड सेंटर सिगरा, कांस्टेबल अनिल कुमार प्रजापति, कांस्टेबल अजीत यादव और कांस्टेबल भूपेन्द्र कुमार शामिल रहे।
सीसीटीवी कैमरों की मदद से चार घंटे के भीतर बैग बरामद करने की इस कार्रवाई ने वाराणसी पुलिस की सक्रियता और तकनीकी निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता को एक बार फिर सामने लाया है।




