
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। राजातालाब दिल्ली जाते समय बदायूं के पास नीलगाय से टकराने के कारण थार सवार एक ही परिवार के दो सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में मां कुसुम मिश्रा (48 वर्ष) और उनके बेटे शिवम मिश्रा (28 वर्ष) शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र के रमसीपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रमसीपुर गांव निवासी राजेश मिश्रा दिल्ली के करोल बाग में रेस्टोरेंट का कारोबार करते हैं। परिवार के सदस्य थार गाड़ी से गांव से दिल्ली जा रहे थे। वाहन शिवम मिश्रा चला रहे थे। इसी दौरान बदायूं के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। बताया जा रहा है कि थार की नीलगाय से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कुसुम मिश्रा और शिवम मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार शुभम मिश्रा (30 वर्ष) और सचिन मिश्रा (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की। घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी गई, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। हादसे में मां-बेटे की मौत और परिवार के दो अन्य सदस्यों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया। परिजन घायलों और मृतकों के शवों को लेकर घर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया।
मां-बेटे की मौत से गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से रमसीपुर गांव में शोक का माहौल है। राजेश मिश्रा सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में अपनों के साथ रहने और सफर की खुशियां थीं, वहां हादसे की खबर के बाद मातम छा गया। गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
हरिश्चंद्र घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
हादसे में जान गंवाने वाली कुसुम मिश्रा और उनके बेटे शिवम मिश्रा का अंतिम संस्कार वाराणसी के हरिश्चंद्र घाट पर किया गया। मां-बेटे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल शुभम मिश्रा और सचिन मिश्रा के स्वास्थ्य को लेकर भी परिजनों की चिंता बनी हुई है।





