
-बनारस स्टेशन के प्रतीक्षालय और लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस में यात्रियों से लिया फीडबैक, पैंट्रीकार और स्टेशन परिसर की स्वच्छता व्यवस्था परखी
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। भारतीय रेलवे में संचालित विशेष स्वच्छता अभियान-6.0 के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), वाराणसी श्री आशीष जैन ने गुरुवार को बनारस रेलवे स्टेशन और ट्रेन में यात्रियों से सीधे संवाद कर यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था का फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों के सुझावों और प्रतिक्रियाओं को सुनते हुए यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार करने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने बनारस रेलवे स्टेशन, ट्रेन की पैंट्रीकार तथा बनारस–राजातालाब रेलखंड का निरीक्षण कर स्वच्छता और रेल संरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान-6.0 के तहत डीआरएम श्री आशीष जैन ने सबसे पहले बनारस स्टेशन के यात्री प्रतीक्षालय में यात्रियों से ‘रेल जनसंवाद’ किया। उन्होंने यात्रियों से प्रतीक्षालय की साफ-सफाई, स्टेशन परिसर में स्वच्छता तथा यात्रा के दौरान उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, यात्रियों को होने वाली असुविधाओं और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए उनके सुझाव भी सुने। डीआरएम ने यात्रियों के फीडबैक को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव उपयोगी हैं। उन्होंने स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में रेल प्रशासन के साथ यात्रियों की सहभागिता पर भी बल दिया।
इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर खड़ी गाड़ी संख्या 12168 बनारस–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस में यात्रियों से संवाद किया। उन्होंने ट्रेन में उपलब्ध यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था के बारे में जानकारी ली तथा यात्रियों की प्रतिक्रियाएं सुनीं। इस दौरान यात्रियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर सेवाओं में सुधार करने और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
पैंट्रीकार में स्वच्छता और खाद्य सामग्री के रखरखाव की जांच
यात्रियों से संवाद के क्रम में डीआरएम ने बनारस–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस की पैंट्रीकार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां साफ-सफाई, स्वच्छता और खाद्य सामग्री के रखरखाव से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि पैंट्रीकार में स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। खाद्य सामग्री को साफ-सुथरे ढंग से रखा जाए और यात्रियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने खाद्य सामग्री के रखरखाव और पैंट्रीकार की सफाई में विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया।
स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश
इसके उपरांत डीआरएम ने विशेष स्वच्छता अभियान-6.0 के अंतर्गत बनारस रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और यात्रियों के आवागमन वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि स्टेशन परिसर में नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित की जाए। प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय और यात्रियों के उपयोग में आने वाले अन्य स्थानों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कूड़े के उचित निस्तारण, सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी तथा यात्रियों के लिए स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। डीआरएम ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा रखा जाना चाहिए।
ट्रॉली से बनारस–राजातालाब रेलखंड का किया संरक्षा निरीक्षण
स्वच्छता अभियान के तहत स्टेशन निरीक्षण के बाद मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने ट्रॉली से बनारस–राजातालाब रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलखंड की स्थिति का जायजा लिया और राजातालाब स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के पैनल रूम एवं रिले रूम में पहुंचकर संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही, स्टेशन अधीक्षक से ट्रेनों के परिचालन और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को रेल परिचालन में संरक्षा सुनिश्चित करने, रेलखंड की नियमित निगरानी करने और अनुरक्षण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष सतर्कता बरतने तथा निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तृतीय श्री आयुष कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) श्री यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) श्री कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (समाडि) श्री अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) श्री अनुभव पाठक, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) श्री सौरभ राठौर, स्टेशन निदेशक श्री रामजी यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।




