
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। प्रयागराज करेली स्थित द पाम एकेडमी स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘पामिस्टा-2’ का भव्य आयोजन किया गया। इसमें 3 से 7 वर्ष तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता और फैशन शो में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कला जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडल में राज्य ललित कला अकादमी, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के माननीय सदस्य और विख्यात कलाकार रवीन्द्र कुशवाहा, प्रख्यात कलाकार तलत महमूद तथा राष्ट्रीय कलाकार एवं खानम आर्ट गैलरी की निदेशक डॉ. जाहिदा खानम शामिल रहीं। मुख्य अतिथि रवीन्द्र कुशवाहा और तलत महमूद ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी भेंटकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
फैशन शो में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने विभिन्न जादुई पात्रों, भारतीय संस्कृति की विविधताओं और रंग-बिरंगी परंपराओं से जुड़ी महान हस्तियों के रूप धारण कर मंच पर अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा, आत्मविश्वास और शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। नन्हे प्रतिभागियों के उत्साह और हुनर ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को ‘जंगल सफारी’ और ‘खेल का मैदान’ विषय पर चित्र बनाने का अवसर दिया गया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता, रंगों के सुंदर संयोजन और रचनात्मक सोच के माध्यम से आकर्षक चित्र बनाए। कम उम्र में बच्चों की कलात्मक प्रतिभा और रंगों के प्रति उनकी समझ ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस आयोजन में द पाम स्कूल, बिशप जॉनसन स्कूल, सेंट जॉन स्कूल, टैगोर पब्लिक स्कूल और फ्यूजन इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अनेक पुरस्कार प्राप्त किए। प्रतियोगिता ने बच्चों को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने के साथ-साथ दूसरे विद्यार्थियों से सीखने का भी अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान द पाम एकेडमी की प्रधानाचार्या फौजिया साहिल और उप-प्रधानाचार्य जावेद सगीर मंच पर उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में प्री-प्राइमरी की हेडमिस्ट्रेस कमर इमरान खान और प्री-प्राइमरी की कोऑर्डिनेटर फराह नौशीन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन में पूरा कार्यक्रम उत्साहपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
‘पामिस्टा-2’ के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने, रचनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर पाने और मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच मिला। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बचपन से ही बच्चों को कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है।




