
-मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, साइबर अपराध और भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों पर विशेष ध्यान; अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चंदौली उत्तर प्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत शनिवार को जनपद चंदौली की समस्त तहसीलों में स्पेशल पिंक तहसील दिवस का आयोजन किया गया। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान सुनिश्चित करना रहा।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिला फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। महिलाओं को बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं रखने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
घरेलू हिंसा से लेकर भूमि विवाद तक की शिकायतों पर फोकस
स्पेशल पिंक तहसील दिवस के दौरान घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, उत्पीड़न, दहेज संबंधी मामलों, साइबर अपराध और भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता दी गई। इसके अलावा राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना तथा शासन की अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आ रही समस्याओं पर भी सुनवाई की गई।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ मिशन शक्ति से जुड़े कर्मियों की उपस्थिति रही। अधिकारियों ने महिला फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
महिलाओं को अपनी बात रखने के लिए किया गया प्रोत्साहित
स्पेशल पिंक तहसील दिवस का उद्देश्य महिलाओं को अपनी समस्याएं खुलकर रखने के लिए सुरक्षित मंच उपलब्ध कराना और शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक सुलभ बनाना रहा। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध सहायता व्यवस्था के प्रति जागरूक करते हुए प्रार्थना पत्र निर्भीक होकर प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
चंदौली पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि महिला संबंधी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।




