
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित ब्रीफिंग हॉल में उत्तर प्रदेश ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 14 ग्राम प्रहरियों के साथ मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत सराहनीय कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों एवं समाज की तीन सशक्त महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों तथा महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पण बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
समारोह में आयुष विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह तथा पिण्डरा विधायक अवधेश कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
पुलिस आयुक्त ने अपने संबोधन में ग्राम प्रहरियों के मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मानदेय में 40 प्रतिशत की वृद्धि के बाद अब ग्राम प्रहरियों को 3,500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इसके साथ ही पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्णय को भी उनके हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस विभाग की मजबूत नींव हैं। गांवों में रहकर वे स्थानीय गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुलिस और ग्रामीण जनता के बीच मजबूत कड़ी के रूप में काम करने वाले ग्राम प्रहरियों के अनुभव एवं सहयोग से पुलिस को जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिलती है।
समारोह में उत्कृष्ट योगदान के लिए 14 ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया गया। वहीं, मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाली महिला आरक्षी प्रियंका पटेल, चांदनी पटेल एवं संध्या राय को सम्मान प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला उपनिरीक्षक मेघा सोलंकी एवं मानसी वर्मा तथा महिला आरक्षी लक्ष्मी तिवारी, विजया, हेमा वाजपेई एवं मोनी यादव को भी सम्मानित किया गया। समाज की तीन अन्य सशक्त महिलाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने ग्राम प्रहरियों की कर्तव्यनिष्ठा, ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी उपयोगिता और महिलाओं के सामाजिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी स्थानीय स्तर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस को महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश पाण्डेय, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं अपराध/जनसुनवाई विनीत भटनागर सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।





