
-पीएम नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर ऊंचाहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजन, विभिन्न स्थानों पर 10 नुक्कड़ नाटक और एक नाटक का मंचन।
- रिपोर्टः ज्ञानेश वर्मा
Raebareli: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अखिल भारतीय सांस्कृतिक संस्थान, लखनऊ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कलाकारों ने रंगमंच के जरिए केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश आमजन तक पहुंचाया। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भाग लेकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
आशीष तिवारी और भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के तहत ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर मंचन किया गया। ऊंचाहार ब्लॉक के मुख्य ऊंचाहार चौराहे, कंदरावा, जमुनापुर और इटौरा बुजुर्ग के साथ जगतपुर तथा गौरा ब्लॉक में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कुल 10 नुक्कड़ नाटकों और एक नाटक का मंचन किया गया।

कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही योगी सरकार की महिला सशक्तीकरण संबंधी पहलों, मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और रोजगार से जुड़ी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
अखिल भारतीय सांस्कृतिक संस्थान, लखनऊ के राजेंद्र तिवारी के नेतृत्व में अश्विनी शुक्ला, रजनीश सिंह, समीर गुप्ता, मोनिका भारती, लक्ष्मी सोनी, प्रवेश, शिवाकांत और अभय दुबे सहित अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के जरिए लोककला और रंगमंच को जनजागरूकता का माध्यम बनाते हुए सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।





