
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: जिलाधिकारी आईएएस सत्येन्द्र कुमार के निर्देशन में सृजन सामाजिक विकास न्यास एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सामने घाट से रमना तक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। पर्यावरण ऋषि एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष तथा गंगा हरितिमा अभियान के ब्रांड एंबेसडर अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में जजेज गेस्ट हाउस के सामने स्थित गंगा घाट से लेकर रमना तक घाटों की साफ-सफाई की गई।
अभियान में सृजन सामाजिक विकास न्यास, नगर निगम तथा भगवानपुर-रमना क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रवीण कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वच्छता एवं जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों को गंगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान अनिल कुमार सिंह ने घाटों पर पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं, नाविकों एवं पुजारियों से अपील की कि पूजा के बाद निर्माल्य, फूल-माला और प्लास्टिक सामग्री को गंगा में प्रवाहित न करें। इन्हें निर्धारित स्थान अथवा डस्टबिन में डालें, ताकि नगर निगम के सफाईकर्मी उनका उचित निस्तारण कर सकें।
उन्होंने कहा कि “जब मां गंगा स्वच्छ रहेंगी, तभी हम स्वस्थ रहेंगे।” स्वच्छ गंगा से स्वस्थ वातावरण का निर्माण होगा और हमारी धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति का संरक्षण भी मजबूत होगा।
अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही घाट क्षेत्र में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों को सौंपते हुए अनिल कुमार सिंह ने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
अंत में प्रवीण सिंह ने “स्वच्छ काशी, सुंदर काशी, हरित काशी” का नारा लगाते हुए अभियान में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।




