
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी उत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने शुक्रवार को वाराणसी जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या एक, पुराने पैदल पुल, प्लेटफॉर्म संख्या 8/9, नए पैदल पुल तथा सर्कुलेटिंग क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने लोहता स्टेशन का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने मौके पर मौजूद रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यात्री संरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए निर्धारित नियमावली के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों को नियमित रूप से कार्य संबंधी जानकारी देने और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि रेल संचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, सहायक खंड अभियंता मौर्य विनय कुमार, सहायक विद्युत अभियंता संकल्प उपाध्याय, सहायक दूरसंचार अभियंता भसूली प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं रेल कर्मचारी मौजूद रहे।





