
- ज्ञानेश वर्मा / यूपी हेड
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार, 20 सितंबर की रात वरिष्ठ प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 10 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के विभाग और प्रभार में बदलाव किया है। इस फेरबदल का असर उच्च शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, ऊर्जा, कृषि, पंचायती राज, खाद्य एवं रसद, वन-पर्यावरण, परिवहन और श्रम जैसे महत्वपूर्ण विभागों पर पड़ा है। कुछ अधिकारियों को नए विभाग सौंपे गए हैं, जबकि कुछ को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
अमित कुमार घोष को उच्च शिक्षा की जिम्मेदारी
अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष को अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा बनाया गया है। इससे पहले उनके पास चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग का प्रभार था।
स्वास्थ्य विभाग वी. हेकाली झिमोमी को
वी. हेकाली झिमोमी को प्रमुख सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले वह वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग संभाल रही थीं। वहीं महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को प्रमुख सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन बनाया गया है।
कृषि और पंचायती राज में भी बदलाव
डॉ. एम.के.एस. सुंदरम को प्रमुख सचिव, कृषि के साथ कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन तथा कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं।
वहीं रविंद्र को प्रमुख सचिव, पंचायती राज बनाया गया है। इससे पहले वह कृषि विभाग से जुड़े दायित्व संभाल रहे थे।
अनिल कुमार को खाद्य एवं रसद का प्रभार
अनिल कुमार को प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता मामले की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें आयुक्त, खाद्य एवं रसद का प्रभार भी सौंपा गया है।
ऊर्जा विभाग में बड़ा बदलाव
ऊर्जा विभाग में भी महत्वपूर्ण फेरबदल हुआ है। रणवीर प्रसाद को प्रमुख सचिव, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत बनाया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड और यूपीएसएलडीसी के अध्यक्ष का भी प्रभार दिया गया है।
वहीं डॉ. आशीष कुमार गोयल को ऊर्जा विभाग से हटाकर अपर मुख्य सचिव, श्रम एवं सेवायोजन बनाया गया है।
अमृत अभिजात और अमित गुप्ता को अतिरिक्त जिम्मेदारी
अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात को पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य के साथ परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वहीं अमित गुप्ता को स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के साथ प्राविधिक शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
ये हैं 10 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के नए प्रभार
-अमित कुमार घोष — अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा।
-अमृत अभिजात — अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य; परिवहन का अतिरिक्त प्रभार।
वी. हेकाली झिमोमी — प्रमुख सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा।
महेंद्र प्रसाद अग्रवाल — प्रमुख सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन।
अनिल कुमार — प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता मामले; आयुक्त, खाद्य एवं रसद।
डॉ. एम.के.एस. सुंदरम — प्रमुख सचिव, कृषि तथा कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन और संबंधित अन्य दायित्व।
रविंद्र — प्रमुख सचिव, पंचायती राज।
अमित गुप्ता — प्रमुख सचिव, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन; प्राविधिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार।
रणवीर प्रसाद — प्रमुख सचिव, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत तथा प्रमुख बिजली निगमों के अध्यक्ष।
डॉ. आशीष कुमार गोयल — अपर मुख्य सचिव, श्रम एवं सेवायोजन।




