
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। जौनपुर भदोही-जौनपुर सीमा पर धौरहरा नदी पुल के पास रामपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 कुंतल 200 ग्राम गांजा बरामद करने का दावा किया है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष रामपुर रमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम धौरहरा नदी पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर रखा गया 1.20 कुंतल गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों की पहचान अभय सिंह उर्फ छोटू पुत्र स्व. वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम फिरोजपुर धरमपुर, थाना पूराकलंदर, जनपद अयोध्या और विनीत सिंह पुत्र भगत सिंह, निवासी ग्राम नागनाथपुर हसरो, थाना करौंदीकला, जनपद सुल्तानपुर के रूप में की है।
बरामदगी के आधार पर थाना रामपुर में मु0अ0सं0 184/26, धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपितों की जामा तलाशी से 510 रुपये नकद और एक टेक्नो पोवा एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया।
पुलिस का कहना है कि बरामद गांजे की इतनी बड़ी मात्रा को देखते हुए मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस बरामद मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क और आरोपितों के संपर्कों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रमेश कुमार के साथ कांस्टेबल सोनू यादव और मनीष कुमार तथा वरिष्ठ उपनिरीक्षक मंजीत कुमार, उपनिरीक्षक नरेंद्र नाथ मिश्रा, हेड कांस्टेबल हरिगोविन्द दुबे, कांस्टेबल विनोद यादव, महेंद्र कुमार, रवि चौरसिया, हेड कांस्टेबल अनिरुद्ध प्रसाद और कांस्टेबल सुरेश यादव शामिल रहे।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें संबंधित न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया।




