
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर अयोध्या के विभिन्न तकनीकी और मैकेनिकल विभागों में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ पूजा-अर्चना की गई। नलकूप खंड, सरयू नहर खंड, राजकीय आईटीआई, जलकल विभाग, सेतु निगम की मैकेनिकल कार्यशाला और निर्मोचन घाट विद्युत उपकेंद्र में भगवान विश्वकर्मा के साथ मशीनों, उपकरणों और औजारों का विधि-विधान से पूजन किया गया।
पूजा-अर्चना के बाद आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। नलकूप खंड में विश्वकर्मा जयंती कार्यक्रम का आयोजन अधिशासी अभियंता उदय शंकर सिंह के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अधिशासी अभियंता संजय त्रिपाठी समेत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

राजकीय आईटीआई में प्रधानाचार्य अरुण कुमार की मौजूदगी में पूजा कार्यक्रम संपन्न हुआ। वहीं निर्मोचन घाट विद्युत उपकेंद्र में अवर अभियंता हरिश्चंद्र यादव और जलकल विभाग में अरविंद तिवारी की उपस्थिति में भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया गया।
इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा से तकनीकी कार्यों में सफलता, मशीनरी की सुचारु कार्यप्रणाली और संबंधित विभागों की उन्नति की कामना की।





