
-लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को दबोचा, दो चेन, मोबाइल, 27 हजार नकद और ऑटो बरामद
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने चेन स्नैचिंग करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से पीली धातु की दो चेन, दो मोबाइल फोन, 27 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल ऑटो/ई-रिक्शा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को काली माता मंदिर के पास ऑटो में सवार तीन अज्ञात महिलाओं ने एक महिला यात्री को बातचीत में उलझाकर उसके गले से पीली धातु की चेन चोरी कर ली थी। पीड़िता की तहरीर पर 9 सितंबर को लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा संख्या 0286/2026, धारा 304(2), 317(2) बीएनएस के तहत तीन अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सर्विलांस सेल के साथ संयुक्त टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 16 सितंबर की सुबह करीब 8:40 बजे आजमगढ़ रोड ऑटो स्टैंड के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में बैजनाथ उर्फ बैजू (50) निवासी फरसार, बड़हलगंज, गोरखपुर, सीमा (30) निवासी करवलनिया, बड़हलगंज, गोरखपुर, पिंकी (28) निवासी सोहराबाद, रौनापार, आजमगढ़ और कुसुम (30) निवासी करवलनिया, बड़हलगंज, गोरखपुर शामिल हैं।
सवारी बनकर करते थे वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अलग-अलग जनपदों में ऑटो या ई-रिक्शा में सवारी बनकर बैठते थे। इसके बाद महिला यात्रियों को बातचीत में उलझाकर उनके गले से चेन और अन्य सामान चोरी कर लेते थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं और सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पहले से दर्ज हैं चोरी के मुकदमे
पुलिस के अनुसार आरोपी महिलाओं सीमा, पिंकी और कुसुम के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर जनपद में चोरी के मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




