
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने बुधवार को बनारस कोचिंग डिपो का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डिपो की व्यवस्थाओं, यात्री सुविधाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक ने ‘रेल मदद’ से प्राप्त यात्री शिकायतों, प्रस्तावित वंदे भारत शेड एवं पिट लाइन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के साथ ही यात्री शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संरक्षा और यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद विनोद कुमार शुक्ल ने डिपो में स्थापित मेकेनाइज्ड लॉन्ड्री का निरीक्षण किया। उन्होंने लॉन्ड्री की कार्यप्रणाली, मशीनों की कार्यक्षमता और लिनेन की धुलाई प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने लिनेन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने, निर्धारित मानकों का पालन करने तथा मशीनों के नियमित रखरखाव के निर्देश दिए।
अपर महाप्रबंधक ने कर्मचारियों द्वारा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण लिनेन उपलब्ध कराना यात्री सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इससे यात्री संतुष्टि में सुधार होगा।
‘रेल मदद’ की शिकायतों पर समीक्षा बैठक
निरीक्षण के बाद भारतेन्दु सभागार में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ‘रेल मदद’ के माध्यम से प्राप्त यात्री परिवादों, चिकित्सीय सहायता तथा दिव्यांगजन सहायता से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।
अपर महाप्रबंधक ने शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, नियमित निगरानी तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्री सेवाओं में लगातार सुधार और यात्री संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सीएंडडब्ल्यू) अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेन्द्र पाल, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





