
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: रामनगर किला रोड से लेकर रामनगर चौक तक सड़क किनारे सुबह से शाम तक जगह-जगह सब्जी के ठेले लगने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वहीं गोला मंडी में कई दुकानदार दुकानों के आगे सामान बढ़ाकर रखने से सड़क और पैदल आवागमन की जगह और संकरी हो जाती है। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामनगर में कई दुकानों के सामने नियमित रूप से ठेले लगते हैं, जिससे यह सवाल उठता है कि आखिर इन अतिक्रमणों पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पा रही है। लोगों के अनुसार, पुलिस द्वारा कई बार अतिक्रमण करने वालों को हिदायत दिए जाने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
एक ओर शहर में अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती के निर्देश दिए जा रहे हैं, वहीं रामनगर की सड़कों पर नियमों की अनदेखी का यह सिलसिला व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन को महज चेतावनी तक सीमित रहने के बजाय सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई करनी होगी, ताकि आम जनता को सुगम आवागमन मिल सके।
अब सवाल सीधा है—जब निर्देश साफ हैं, तो रामनगर की सड़कों पर अतिक्रमण इतना बेखौफ क्यों है?





