
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को खुद शहर का भ्रमण कर जमीनी हकीकत परखी। प्रमुख चौराहों, मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर उन्होंने यातायात संचालन, जाम की स्थिति, अतिक्रमण और सड़क किनारे हो रही अनियमित पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण किया। पुलिस कमिश्नर के इस औचक और सक्रिय निरीक्षण से यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस महकमे की गंभीरता साफ नजर आई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों और यातायात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था में सुधार कोई एक दिन की कवायद नहीं, बल्कि सतत प्रक्रिया है। आमजन को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
पुलिस कमिश्नर ने प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को यातायात में बड़ी बाधा बताते हुए स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस और संबंधित विभागों के समन्वय से लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने गलत दिशा में वाहन चलाने, रेड लाइट का उल्लंघन करने तथा अन्य यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए। अधिक यातायात दबाव वाले चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस एवं यातायात कर्मियों की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया।
जाम दिखे तो तत्काल पहुंचे पुलिसकर्मी
पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के किसी भी हिस्से में जाम अथवा यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस एवं यातायातकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचें और बिना अनावश्यक देरी के यातायात सामान्य कराएं। यातायात के दबाव के अनुसार जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने यातायात पुलिस, स्थानीय पुलिस और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल के साथ संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि काशी की सड़कों पर यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित हो सके।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि वाराणसी आने वाले स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी आवागमन में न्यूनतम असुविधा होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यातायात संचालन सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रखने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जाएं।
पुलिस कमिश्नर का स्वयं सड़कों पर उतरकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करना और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देना पुलिस प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली और आमजन की सुविधा के प्रति उनकी गंभीरता को दर्शाता है। उनके इस कदम से शहरवासियों को बेहतर यातायात व्यवस्था की उम्मीद जगी है।




