
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बाबतपुर-पिंडरा स्थित आशा एजुकेशन ग्रुप परिसर में आयोजित ‘कामकाजी महिला सम्मान समारोह’ में कहा कि प्रदेश में बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सख्त अंदाज में कहा कि “बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम में जाने के अलावा कोई तीसरा रास्ता नहीं होगा।”
मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, रसोइयों, सफाई मित्रों एवं आशा वर्करों सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान और उनके योगदान को पहचान देने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत आधार मिला है। उत्तर प्रदेश पुलिस में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश पुलिस में करीब 10 हजार महिलाएं थीं, जबकि अब यह संख्या लगभग 45 हजार हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार और आर्थिक स्वावलंबन के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से करीब 28 लाख महिलाएं जुड़ी हैं। बीसी सखी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं से महिलाओं को रोजगार एवं नई जिम्मेदारियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि पूंजी के अभाव में अब किसी महिला का सपना अधूरा नहीं रहेगा।
उन्होंने काशी में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम में पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने काशी के कोतवाल कालभैरव एवं श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया।




