- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में 09 से 23 सितम्बर 2026 तक हिंदी पखवाड़ा मनाया जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस पखवाड़े के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और साहित्यिक कार्यक्रमों के माध्यम से हिंदी के प्रति जागरूकता और रुचि को बढ़ावा दिया जाएगा।
हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ 09 सितम्बर को मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता में साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र जी की जयंती के अवसर पर किया जाएगा। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों के लिए हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा।
पखवाड़े के दौरान अलग-अलग तिथियों पर कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए हिंदी से जुड़ी विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 10 सितम्बर को हिंदी निबंध प्रतियोगिता तथा गाजीपुर सिटी स्टेशन पर हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता होगी। 14 सितम्बर को कर्मचारियों के लिए हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी और गृह मंत्री एवं रेल मंत्री के संदेशों का वाचन किया जाएगा।
इसके बाद 15 सितम्बर को हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता तथा 16 सितम्बर को मऊ जंक्शन पर हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित होगी। वहीं 18 सितम्बर को हिंदी वाक् प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
हिंदी निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए ‘समाचार पत्रों की हिंदी के प्रयोग एवं प्रसार में भूमिका’ तथा ‘आपदा के समय मानवता और सामूहिक जिम्मेदारी’ विषय निर्धारित किए गए हैं। वहीं हिंदी वाक् प्रतियोगिता के लिए ‘ऑनलाइन शिक्षा बनाम पारंपरिक शिक्षा का महत्त्व’ तथा ‘क्षीण होता गाँव और असंतुष्ट शहर’ विषय रखे गए हैं।
हिंदी पखवाड़े का समापन 23 सितम्बर 2026 को मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता में आयोजित कवि सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। समापन अवसर पर वाराणसी सहित अन्य क्षेत्रों से लोकप्रिय एवं प्रतिष्ठित कवियों को आमंत्रित किया जाएगा, जिससे कार्यक्रम में साहित्यिक रंग और भी गहरा होगा।
वाराणसी मंडल में आयोजित होने वाला यह हिंदी पखवाड़ा न केवल राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार का माध्यम बनेगा, बल्कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी में रचनात्मक अभिव्यक्ति, लेखन और संवाद के लिए भी प्रेरित करेगा।




