
-परिजनों ने युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का लगाया आरोप, पुलिस से जल्द बरामदगी की मांग
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Bikapur/Ayodhya: कोतवाली बीकापुर क्षेत्र के जोहन गांव से कोचिंग पढ़ने गई 13 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने एक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। प्राथमिकी दर्ज होने के करीब तीन दिन बीतने के बाद भी किशोरी का पता नहीं चल सका है, जिससे परिजन चिंतित हैं और पुलिस से उसकी जल्द बरामदगी की मांग कर रहे हैं।
तहरीर के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को शाम करीब 5:20 बजे किशोरी कोचिंग पढ़ने गई थी। कोचिंग समाप्त होने के बाद वह घर वापस नहीं पहुंची। परिजनों का आरोप है कि रोहित पुत्र दुर्गा, निवासी ग्राम जोहन, थाना कोतवाली बीकापुर किशोरी को बहला-फुसलाकर स्कूटी पर बैठाकर अपने साथ ले गया।
किशोरी के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों की ओर से कोतवाली बीकापुर पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया और किशोरी की सकुशल बरामदगी के साथ मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।
परिजनों का कहना है कि मुकदमा दर्ज हुए तीन दिन बीतने के बावजूद किशोरी का कोई पता नहीं चल सका है। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए किशोरी की शीघ्र बरामदगी और आरोपित युवक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।





