
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
Varanasi: नक्की घाट-सिधवा घाट क्षेत्र में बबूल का पेड़ गिरकर बिजली के खंभे से जुड़े तारों पर जा गिरा। पेड़ के तारों पर गिरने के बाद क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
करंट उतरने का बना खतरा
बिजली के तारों पर पेड़ या पेड़ की डालियां गिरने की स्थिति में करंट उतरने का खतरा हो सकता है। ऐसे में स्थानीय लोगों से घटनास्थल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
बारिश और तेज हवाओं के दौरान टूटे, झूलते या जमीन पर गिरे बिजली के तारों को छूने से बचने की भी सलाह दी जाती है। लोगों से किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और विद्युत विभाग को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।
विद्युत विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से मौके पर टीम भेजकर बिजली के तारों की जांच कराने और पेड़ को सुरक्षित तरीके से हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते पेड़ और तारों को हटाकर विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित रूप से बहाल किया जाना जरूरी है।
फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों की नजर विद्युत विभाग की कार्रवाई पर है।




