
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सवारी एवं डिब्बा) अभिषेक राय के साथ बनारस कोचिंग डिपो में अनुरक्षित किए जा रहे कोचों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न उपकरणों की कार्यशीलता परखी और अधिकारियों को सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं हर समय दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोचों में लगी धुआं एवं अग्नि पहचान प्रणाली की कार्यप्रणाली की जांच की। आग या धुआं होने पर चेतावनी मिलने, उसके बाद की कार्रवाई, बैटरी व्यवस्था, ब्रेक लगने, प्रणाली को पुनः चालू करने तथा आवश्यकता पड़ने पर बंद करने की प्रक्रिया की जानकारी ली। आग की आपात स्थिति में कोच परिचारक द्वारा बरती जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी ली गई।
इसके अलावा कोचों में लगे वायु स्प्रिंग, ब्रेक खराबी सूचना प्रणाली एवं ब्रेक त्वरक की कार्यशीलता की जांच की गई। उपकरणों में खराबी की स्थिति में उन्हें अलग करने की प्रक्रिया, संबंधित वाल्व एवं नलों की स्थिति तथा आपात स्थिति में अलार्म चेन खींचे जाने पर उसे नियंत्रित करने की व्यवस्था भी परखी गई।
मंडल रेल प्रबंधक ने सभी महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरणों एवं उनके पृथक्करण नलों की स्पष्ट एवं स्थायी पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संबंधित नलों के सामने कोच पर स्पष्ट अंकन कराने को कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर कर्मचारी उपकरणों की तत्काल पहचान कर आवश्यक कार्रवाई कर सकें।
उन्होंने अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच तथा पाई जाने वाली कमियों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्नि सुरक्षा, ब्रेक प्रणाली सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मंडल रेल प्रबंधक ने कोचिंग डिपो में साफ-सफाई एवं स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने तथा इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सवारी एवं डिब्बा) अभिषेक राय, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव सहित संबंधित वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।




