
-शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं और छात्र सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, परिषदीय विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता तथा ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान निर्माण कार्यों से संबंधित टेंडर प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कस्तूरबा विद्यालयों में कम उपस्थिति पर जताई नाराजगी
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (KGBV) में छात्राओं की कम उपस्थिति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित जिला कोऑर्डिनेटर (डीसी) को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, प्रभावी निगरानी व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
शिक्षण व्यवस्था में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा के स्तर में निरंतर सुधार किया जाए तथा शासन की प्राथमिकताओं का पूरी जिम्मेदारी के साथ अनुपालन सुनिश्चित हो। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, मध्याह्न भोजन (MDM) की गुणवत्ता बनाए रखने तथा ऑपरेशन कायाकल्प के तहत शेष मूलभूत अवस्थापना कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (KGBV) एवं सीएम मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों के निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने को कहा गया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षण कार्य में लापरवाही बरतने तथा अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। सुधार न होने की स्थिति में ऐसे शिक्षकों की सेवा समाप्ति की प्रक्रिया भी शुरू की जाए।
बच्चों के भविष्य से समझौता नहीं : डीएम
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सख्त लहजे में कहा कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें, अन्यथा जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने समिति के समक्ष जिले में शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) तथा अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य उपस्थित रहे।




