
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश, योगी आदित्यनाथ तथा माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से) द्वारा 31 अगस्त, 2026 को नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेल खंड एवं इस खंड पर ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर 05064 नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी विशेष गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में माननीय सांसद, बहराइच, डॉ. आनन्द कुमार गोंड, माननीय सांसद, डुमरियागंज, श्री जगदम्बिका पाल, अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों के साथ वरिष्ठ रेल अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित रहेगी।
नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेल खंड पर ट्रेन सेवाओं के शुभारंभ से नेपालगंज रोड एवं आसपास के क्षेत्र की जनता को बहराइच होते हुए गोंडा, गोरखपुर एवं वाराणसी के लिए सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध होगी। इससे नेपाल के नागरिकों को भी आवागमन की सुविधा का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
इस रेल खंड पर ट्रेन सेवाओं के प्रारंभ होने से क्षेत्र में सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, आकांक्षी जनपद बहराइच के विकास को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र में विकास का एक नया दौर प्रारंभ होगा।




