
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में 80वें स्वतंत्रता दिवस का समारोह देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के संदेश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, लहरतारा में आयोजित समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने रेल सुरक्षा एवं संरक्षा के क्षेत्र में अपनी सतर्कता, जिम्मेदारी और कर्तव्यपरायणता से उल्लेखनीय योगदान देने वाले 17 रेलकर्मियों को मंडल स्तर पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री अजय सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री अशोक कुमार वर्मा, मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती वाणी जैन एवं कार्यकारिणी के सदस्य, सभी मंडलीय अधिकारी तथा मंडल कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने सम्मानित रेलकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, सजगता और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि रेल संचालन में सुरक्षा एवं संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलकर्मियों की सतर्कता और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यप्रणाली से न केवल सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित होता है, बल्कि यात्रियों का भरोसा भी और मजबूत होता है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से इसी समर्पण, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।





